"लापता सोनम के भाई का बयान, सोनम को खोजने में कोई रुचि नहीं – मेघालय पुलिस पर लगाया पैसे कमाने का आरोप
INDORE NEWS:-मेघालय में लापता हुई इंदौर की बेटी सोनम रघुवंशी के मामले को लेकर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव (Chief Minister Mohan Yadav) ने शनिवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से चर्चा की और इस केस में सीबीआई जांच का अनुरोध किया। गौरतलब है कि लापता सोनम और उनके दिवंगत पति राजा रघुवंशी के परिजन बीते कई दिनों से सीबीआई जांच की मांग कर रहे थे। अब मुख्यमंत्री से समर्थन मिलने के बाद परिवार को न्याय की उम्मीद जगी है।
इधर, सोनम के भाई विपिन रघुवंशी ने मीडिया से बातचीत में मेघालय पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने अपने भाई गोविंद से मिली जानकारी के आधार पर कहा कि सोहरा पुलिस की प्राथमिकता सोनम की तलाश नहीं, बल्कि इस संकट की स्थिति में भी आर्थिक लाभ उठाना लग रही है। विपिन के मुताबिक, पुलिस बार-बार सिर्फ एक्टिवा चालक से पूछताछ कर रही है, जबकि अन्य संभावित स्थानीय लोगों से पूछताछ तक नहीं की गई।
राज्य सरकार के प्रति जताया आभार
लापता सोनम रघुवंशी के भाई विपिन रघुवंशी ने इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “मैं माननीय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी का दिल से धन्यवाद करता हूं। उन्होंने जो ट्वीट किया है, वह बिल्कुल उचित और सटीक है। अमित शाह जी को सीबीआई जांच के लिए जो अनुरोध उन्होंने किया है, उसके लिए हम उनके आभारी हैं। मुख्यमंत्री ने हमारे साथ खड़े होकर भरोसा दिया है। मध्यप्रदेश सरकार की ओर से हमें हरसंभव सहयोग मिल रहा है, इसके लिए हम दिल से आभार प्रकट करते हैं।”
‘एक्टिवा वाला ओडिशा का है, पुलिस उसी से पूछताछ कर रही’
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, दंपति 22 मई को शिलांग से किराए की स्कूटी लेकर नोंग्रियाट स्थित डबल-डेकर रूट ब्रिज देखने मावलाखियाट गांव पहुंचे थे। वे एक स्थानीय गाइड के साथ थे और रात के लिए शिपारा होमस्टे में रुके। अगली सुबह करीब 6 बजे उन्होंने चेक आउट किया और मावलाखियाट लौटने की बात कही।
इस दौरान वहां रहने की सुविधा न मिलने के कारण उन्होंने अपना सामान सैत्सोपेन स्थित ‘मन्हा होमस्टे’ में रखवा दिया और किसी अन्य जगह ठहरने की तलाश में निकल पड़े। लेकिन हैरानी की बात यह रही कि वे बिना सामान लिए ही नोंग्रियाट की ओर चले गए। 24 मई को सोहरारिम गांव के सरदार ने एक लावारिस एक्टिवा सड़क किनारे खड़ी होने की सूचना दी। जांच में पता चला कि यह स्कूटी उसी कपल ने किराए पर ली थी। इसके बाद उनके परिजनों ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई।
2 जून को सर्च अभियान के दौरान राजा रघुवंशी का शव उनके होमस्टे से लगभग 20 किलोमीटर दूर, सोहरा क्षेत्र के एक झरने के पास गहरी खाई में क्षत-विक्षत अवस्था में मिला। हालांकि सोनम रघुवंशी का अब तक कोई सुराग नहीं मिल सका है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें